उत्तराखंड मौसम अलर्ट: 11–12 जून को भारी बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट
उत्तराखंड में 11 और 12 जून को ऑरेंज-यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 और 12 जून के लिए प्रदेश के कई जिलों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
देहरादून, 10 जून 2026। उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 10 जून को राज्य में एक नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल सहित कुछ जनपदों में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
इसके बाद 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता पूरे प्रदेश में बढ़ने की संभावना है, जिसके कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
11–12 जून को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 और 12 जून के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
राज्य के शेष जनपदों में येलो अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से इस दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य बना रहा। रुड़की, खटीमा और पंतनगर जैसे मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया, जिससे भीषण गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है, जबकि अगले दो से तीन दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
11 जून: पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें।
12 जून: पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा।
13 जून: पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, जबकि मैदानी जिलों में हल्की वर्षा या बौछारें।
14 जून: पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार।
15 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


