Uttarakhand Weather News: अगले 36 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, यहां कल सभी स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, आदेश जारी
भारी बारिश और मौसम अलर्ट के चलते देहरादून में 20 अगस्त को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी, 20 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित।
देहरादून, 19 अगस्त Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने अगले 36 घंटे के दौरान प्रदेश में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 19 अगस्त को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मौसम के बेहद खराब रहने और कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
वहीं 20 अगस्त को टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान प्रदेश के सभी जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
देहरादून में 20 अगस्त को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद
देहरादून जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून तथा एनडीएमए के सचेत (National Disaster Alert Portal) से 19 अगस्त को जारी अद्यतन मौसम नाउकास्ट/फोरकास्ट के अनुसार 20 अगस्त के मध्याह्न तक देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम की गंभीर स्थिति और आपदा के जोखिम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 20 अगस्त 2026 को देहरादून जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन का यह निर्णय संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
बारिश के लगातार तेज होने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम के मौजूदा तेवरों को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जाने से बचें और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखें। विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को बारिश के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच अगले 24 से 36 घंटे मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन तंत्र के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


