Jaspur Crime: दिन में विवाद, रात में कार से कुचलकर 20 वर्षीय युवक की हत्या
जसपुर में कार से बाइक को टक्कर मारने के बाद युवक की मौत, पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
दिन में हुए विवाद के बाद रात में वारदात का आरोप, बाइक सवार तीन युवकों पर कार चढ़ाई; 20 वर्षीय नितिन प्रजापति की मौत, दो साथी घायल, तीन आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज।

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर में मामूली विवाद ने देर रात खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने रंजिश के चलते बाइक का पीछा कर उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की कार से कुचलकर मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नितिन प्रजापति, हर्ष और लवीश एक ही बाइक पर सवार होकर ठाकुरद्वारा चुंगी की ओर गए थे। लौटते समय खेड़ा रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास आरोपित पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू ने अपनी कार से उनकी बाइक में कथित तौर पर जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि नितिन कार की चपेट में आ गया और उसे कुचल दिया गया, जबकि हर्ष और लवीश घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कार सवार फरार हो गए।
घायलों और नितिन को तत्काल काशीपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही नितिन ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता बनारसी दास (पप्पू प्रजापति) की तहरीर पर पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, जाकिर गुज्जर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पिता का आरोप है कि दिन में हुए विवाद के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी और उसी रंजिश में रात को वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जसपुर विधायक आदेश चौहान, भाजपा नेता खड़क सिंह, महेश प्रजापति और अशोक खन्ना सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंचे तथा पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मृतक नितिन प्रजापति मोहल्ला जुलाहन, वार्ड नंबर-10 का निवासी था। वह मोटर बाइक इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और करीब पांच माह पहले ही उसने अपनी स्वयं की दुकान शुरू की थी। नितिन परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने घटना को हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


