Uttarakhand Crime: मां-बेटी ने मिलकर की पिता की हत्या, अवैध संबंध बना वजह—ऐसे खुला राज
आत्महत्या का रूप देने की कोशिश नाकाम, पुलिस जांच में खुला सनसनीखेज राज
आत्महत्या का रचा गया था खेल, पुलिस जांच में खुली हत्या की पूरी साजिश
नींद की दवा देकर तकिये से दबाया मुंह, बेटे के खुलासे से बेनकाब हुआ सच
मां गिरफ्तार, नाबालिग बेटी पुलिस संरक्षण में भेजी गई
हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक ग्रामीण की मौत का मामला पुलिस जांच में हत्या में बदल गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों के चलते मां-बेटी ने मिलकर ही इस वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
मायापुर स्थित कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि 2 अप्रैल को पूजा निवासी लाहड़पुर अपनी बेटी के साथ कोतवाली पहुंची थी और सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी पुलिस टीम व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और गहन जांच शुरू की गई। इसी बीच मृतक के भाई राजू ने पत्नी, नाबालिग बेटी और बिजनौर निवासी एक युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
बेटे के खुलासे से खुला हत्या का राज
पुलिस जांच के दौरान मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के बेटे ने पूछताछ में बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
अवैध संबंध और मारपीट से तंग आकर रची साजिश
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका एक युवक से अवैध संबंध था, जबकि उसकी बेटी का भी किसी अन्य युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी होने पर मृतक बबलू अक्सर शराब के नशे में मां-बेटी के साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
नींद की दवा देकर तकिये से दबाया मुंह
घटना की रात महिला ने पहले पति को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। जब वह गहरी नींद में सो गया तो मां-बेटी ने दुपट्टों से उसके हाथ-पैर बांध दिए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
घटनास्थल से मिले अहम सबूत
पुलिस ने मौके से सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, चार दुपट्टे, एक तकिया और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटना का खुलासा हुआ।
प्रेमी समेत अन्य की भूमिका की जांच जारी
पुलिस अब इस मामले में आरोपी महिला के कथित प्रेमी और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


