उत्तराखंड: ऋषिकेश से चारधाम यात्रा 2026 का शुभारम्भ, सीएम धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा पर सरकार का जोर

देहरादून,18 अप्रैल 2026: ऋषिकेश में शनिवार को चारधाम यात्रा 2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए चारों धामों के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मिक ऊर्जा का संगम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाना है, ताकि हर श्रद्धालु एक सकारात्मक और यादगार अनुभव लेकर लौटे।
उन्होंने कहा कि माँ गंगा के आशीर्वाद से यह यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और सरकार इसकी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह स्वयं लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि धार्मिक स्थलों और यात्रा मार्गों को स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई, वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य करने जैसे कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऑल वेदर रोड परियोजना और केदारनाथ-बद्रीनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों से यात्रा और अधिक सुगम हुई है। साथ ही गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने यात्रियों से एडवाइजरी का पालन करने और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार है, जबकि बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि परिवहन विभाग ने यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सिंगल लेन सड़कों और लैंडस्लाइड जोन में शटल सेवा शुरू की है। यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर और एलईडी के माध्यम से सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


