बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की राह में अहम कदम, ग्रामीणों से धैर्य की अपील: दीपेन्द्र कोश्यारी
प्रेसवार्ता में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने पर बोले दीपेन्द्र कोश्यारी।
वन भूमि डी-नोटिफिकेशन प्रस्ताव को कैबिनेट की सैद्धांतिक मंजूरी, केंद्र से स्वीकृति का इंतजार; अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
लालकुआं, 29 नवंबर 2026। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाना हम सबकी प्राथमिकता है और इस दिशा में सामूहिक प्रयासों से ही सफलता हासिल की जा सकती है। उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मामले में गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी ने रविवार को मोटाहल्दू स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद केंद्र से स्वीकृति का इंतजार
कोश्यारी ने कहा कि बिंदुखत्ता के वन भूमि क्षेत्र को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट से सैद्धांतिक मंजूरी मिलना दशकों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जाने के बाद अब आवश्यक स्वीकृति की प्रतीक्षा है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार हर हाल में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के हजारों परिवारों से जुड़ा विषय है। इसलिए सभी को मिलजुलकर प्रयास करने होंगे।
35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, युवा आयोग का गठन जल्द
धामी सरकार के दूसरे कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए भाजयुमो प्रदेश महामंत्री ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चौतरफा विकास हो रहा है। सरकार युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। जल्द ही प्रदेश में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है, जिससे युवाओं से जुड़े विषयों और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 36 युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में होमस्टे योजना से स्थानीय लोगों को अपने गांव में ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इससे पलायन रोकने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों के हित में भी कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण को उन्होंने महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
यूसीसी, सख्त भू-कानून और निवेश को बताया विकास की दिशा में अहम
कोश्यारी ने सरकार के प्रमुख नीतिगत फैसलों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून को उत्तराखंड की अलग पहचान बनाने वाले निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नीतिगत सुधारों के साथ विकास कार्यों को भी गति दी है।
आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त 3.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। वहीं जमरानी बांध परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड, वंदे भारत रेल सेवाएं और धार्मिक स्थलों पर रोपवे परियोजनाएं प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों और वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


