Uttarakhand: सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका
खनन वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, इलाके में तनाव
पुलिस ने मृतक का शव लिया कब्जे में , भारी पुलिस बल तैनात
Udham Singh Nagar News- उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत काशीपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक गांव निवासी जयपाल सिंह (58) सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे बाइक से किसी काम से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खनन सामग्री से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक की पहचान होते ही क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रक संख्या UP21 CT 6334 को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कुंडेश्वरी चौकी पुलिस और काशीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग को बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि मृतक जयपाल सिंह दूध का व्यवसाय करता था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि उधम सिंह नगर जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


