Udham Singh Nagar News: महिला को नशा पिलाकर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का आरोपी गिरफ्तार
दिनेशपुर पुलिस ने दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के आरोपित को गिरफ्तार किया।
दिनेशपुर पुलिस ने रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे से दबोचा, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और अजमेर ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने के भी आरोप
रुद्रपुर, 30 अक्टूबर 2026। ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर में महिला के शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार चल रहे आरोपी शादाब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली के रास्ते केरल भागने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर उसे रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे से गिरफ्तार किया गया।
मामले में महिला ने 27 अक्टूबर 2026 को दिनेशपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी शादाब पुत्र इस्लाम (29), निवासी ग्राम भौली सरदार नगर, थाना अमरिया, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) ने पहले उससे फोन पर दोस्ती की। इसके बाद जन्मदिन मनाने के बहाने उसे एक होटल में ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो बना ली।
अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप
महिला के अनुसार, आरोपी कथित वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने लगा और बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, परिजनों को दिखाने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि एक बार उसके बुलाने पर नहीं पहुंचने पर आरोपी ने कथित वीडियो उसके पति को दिखा दी। इसके बाद परिवार में विवाद हुआ और उसका तलाक हो गया।
अजमेर ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जुलाई माह में आरोपी उसे अजमेर शरीफ दरगाह ले गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराकर नाम रजिया रख दिया गया। महिला ने धोखे से प्रतिबंधित मांस खिलाने और धर्म परिवर्तन के बाद अमानवीय व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के लिए बनाई गई थीं चार टीमें
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर की निगरानी में दिनेशपुर पुलिस की चार टीमें गठित की थीं। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर उसे रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर दिनेशपुर थाने में एफआईआर संख्या 179/26 दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 और 351(3) तथा उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसकी पूर्व गतिविधियों और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


