उधम सिंह नगर: निकाह से पहले मातम, सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत
उधम सिंह नगर के सितारगंज में हुए सड़क हादसे का प्रतीकात्मक चित्र।
शॉपिंग कर लौट रही थीं बहनें, तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर; पांच अन्य घायल
सितारगंज। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने खुशियों से भरे एक घर को पलभर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक के दौरान सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
भाई के निकाह की खुशियां बनीं मातम
घर में भाई के निकाह की तैयारियां चल रही थीं, हर तरफ खुशियों का माहौल था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल जाएंगी। सितारगंज के नयागांव निवासी हिना और उसकी बड़ी बहन निशा अपने भाई के निकाह के लिए बाजार से खरीदारी कर लौट रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
शॉपिंग से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय हिना पुत्री रईस अहमद और 25 वर्षीय निशा पत्नी तौफीक अहमद अपनी ममेरी बहन रूबी के साथ सितारगंज बाजार से खरीदारी कर ई-रिक्शा से वापस घर लौट रही थीं। नयागांव के पास हाईवे किनारे उतरकर जब वे किराया दे रही थीं, तभी सितारगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने ओवरटेक करते हुए नियंत्रण खो दिया और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि दूर जा गिरे लोग
हादसा इतना भयानक था कि ई-रिक्शा सवार और आसपास खड़े लोग दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में तीनों बहनों समेत अन्य चार लोग भी बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।
इलाज के दौरान दो बहनों ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में रामकुमार गुप्ता, राजेश्वरी गुप्ता, डालचंद कश्यप और प्रेमपाल गंगवार को सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तीनों बहनों को उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।
इलाज के दौरान हिना ने दम तोड़ दिया, जबकि निशा की मौत रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में हो गई। रूबी का इलाज अभी जारी है।
निकाह से पहले घर में पसरा सन्नाटा
जिस घर में आज भाई की बारात निकलनी थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिजन बेसुध हैं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। यह हादसा हर किसी की आंखें नम कर गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


