नैनीताल: रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, कार की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत
प्रतीकात्मक तस्वीर: रामनगर सड़क हादसा।
घास लेने जा रही थीं महिलाएं, हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसा बैलपड़ाव इलाके में गैबुआ स्थित फूड क्रिस्टल होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं सुबह घास लेने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आनन-फानन में दोनों महिलाओं को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान कमला देवी (55) पत्नी शिवराज सिंह और पुष्पा देवी (55) पत्नी केवलानंद भट्ट निवासी पत्तापानी बैलपड़ाव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


