बिंदुखत्ता में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल, लोगों में आक्रोश
लालकुआं ,18 अप्रैल 2026। बिंदुखत्ता क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। काररोड मुख्य बाजार में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार इंद्रानगर द्वितीय, बिंदुखत्ता निवासी कुंवर सिंह गड़िया सब्जी खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर (संख्या यूए 01-1728) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर तक घिसट गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सूचना मिलने पर लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने बाजार क्षेत्र में बेलगाम दौड़ते वाहनों और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर गहरा आक्रोश जताया है। लोगों ने प्रशासन से मुख्य बाजार में स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


