टिहरी गढ़वाल सड़क हादसा: 8 लोगों की मौत, 2 घायल, सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
हरिद्वार से अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे ग्रामीण, चंबा-कोटी मार्ग पर 300 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो
टिहरी गढ़वाल ,23 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी मार्ग पर सवारियों से भरा एक बोलेरो कैम्पर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रजेश भट्ट ने हादसे में 8 लोगों की मौत और 2 के घायल होने की पुष्टि की है। घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार से एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चंबा-कोटी सड़क पर नैल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि हादसे में प्रभावित लोग घनसाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी थे। इस दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।

हादसे में मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में आशा लाल (40 वर्ष) निवासी ठेला, विजय लाल (36 वर्ष) निवासी ठेला, प्रेम लाल (60 वर्ष) निवासी चकरेड़ा, महावीर (60 वर्ष) निवासी चकरेड़ा, शिव सिंह (35 वर्ष) निवासी होल्टा, सेहत लाल (65 वर्ष) निवासी चकरेड़ा, लक्ष्मण (33 वर्ष) निवासी चांजी, टिहरी गढ़वाल शामिल हैं, जबकि एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घायलों में उत्तम (30 वर्ष) निवासी लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित (22 वर्ष) निवासी नेलचामी, घनसाली शामिल हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



बगलामुखी जयंती 2026: राप्ती तट पर कल भव्य आयोजन, 2 कुंतल लड्डू वितरण, सत्य साधक का संदेश