नैनीताल पुलिस में गौरव का पल, सुशील जोशी बने निरीक्षक; एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कंधों पर सजाए सितारे
नैनीताल पुलिस कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित पीपिंग सेरेमनी के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पदोन्नत निरीक्षक सुशील जोशी को सितारे सजाकर दी शुभकामनाएं।
25 साल की पुलिस सेवा के बाद मिली पदोन्नति, एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दी शुभकामनाएं
हल्द्वानी, 29 जुलाई 2026। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरव और सम्मान का रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय हल्द्वानी में गरिमामय पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी को उपनिरीक्षक पद से पदोन्नत होकर निरीक्षक बनने पर एसएसपी ने उनके कंधों पर पारंपरिक रूप से अलंकार एवं सितारे सजाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए नैनीताल पुलिस की प्रतिष्ठा को और मजबूत करेंगे।
निरीक्षक सुशील चन्द्र जोशी का पुलिस सेवाकाल भी उपलब्धियों से भरा रहा है। ऊधम सिंह नगर के शांतिपुरी निवासी सुशील जोशी ने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद से अपने सेवाकाल की शुरुआत की। उनकी पहली नियुक्ति जनपद हरिद्वार में हुई। वर्ष 2008 में विभागीय पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण कर वे उपनिरीक्षक बने और पीटीसी मुरादाबाद से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उत्तरकाशी जनपद में पहली तैनाती मिली।
वर्ष 2010 में नैनीताल जनपद में स्थानांतरण के बाद उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव समेत कई महत्वपूर्ण चौकियों में प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2020 में पिथौरागढ़ स्थानांतरण के दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष बेरीनाग और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को कुशलता से संभाला।
इसके बाद पुनः नैनीताल जनपद में वापसी के दौरान उन्होंने विभिन्न चौकियों में प्रभारी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा के पद पर रहते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। वर्तमान में वे थाना मुखानी के थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं और अब निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए हैं।
पीपिंग सेरेमनी के अवसर पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, वाचक एसएसपी रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


