Rudrapur Crime: मामूली कहासुनी बनी खूनी वारदात, 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या
रुद्रपुर के टिब्बा क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश में जुटीं; हत्या की वजह और विवाद के कारणों की जांच जारी
रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी वारदात का रूप ले लिया। लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में 17 वर्षीय किशोर विक्रांत बागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी विक्रांत बागी किसी काम से लालपुर के टिब्बा क्षेत्र गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद कुछ ही पलों में इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तमंचा निकालकर विक्रांत पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायल किशोर को जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर माहौल शांत कराया।
पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र किस उद्देश्य से गया था और दोनों के बीच विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और जांच दोनों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


