Rudraprayag News: घास लेने गई महिला उफनते गदेरे में बही, डेढ़ घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव
रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान गदेरे से महिला का शव बरामद करने के बाद मौके पर मौजूद SDRF की टीम।
बसुकेदार क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा, SDRF, जल पुलिस और DDRF के संयुक्त अभियान में महिला का शव बरामद
रुद्रप्रयाग, 2 अगस्त 2026। उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बसुकेदार क्षेत्र के ग्राम स्वारा (नामी तोक) में घास लेने गई एक महिला उफनते गदेरे के तेज बहाव में बह गई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF, जल पुलिस और DDRF की संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद महिला का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार घटना रविवार सुबह लगभग 11:32 बजे की है। ग्राम प्रधान सेमकोटी द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग को सूचना दी गई कि ग्राम स्वारा के तिमली क्षेत्र से आगे एक महिला घास लेने गई थी। इसी दौरान बारिश के कारण उफान पर आए गदेरे को पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गई। देखते ही देखते महिला पानी की धारा में ओझल हो गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम के निर्देश पर SDRF पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उप निरीक्षक हरीश बांगरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। वहीं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जल पुलिस और DDRF की टीमों को भी मौके पर भेजा।
स्थानीय ग्रामीणों के साथ चलाया गया सघन सर्च अभियान
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF, जल पुलिस, DDRF और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से गदेरे एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सघन खोज अभियान चलाया। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने लगातार अभियान जारी रखा। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर बाहर निकाला गया। इसके बाद पंचनामा एवं अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतका की हुई पहचान
प्रशासन ने मृतका की पहचान विनीता देवी (38 वर्ष) पत्नी हिम्मत सिंह नेगी, निवासी ग्राम कोटी, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में की है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
बारिश के दौरान बरतें विशेष सावधानी
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान गदेरों, नालों और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में घास, लकड़ी या अन्य कार्यों के लिए जाते समय मौसम और जलस्तर का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने से ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


