खेल विश्वविद्यालय की भूमि का निरीक्षण करने पहुंचीं रेखा आर्या, मिट्टी माथे से लगाकर किया नमन
खेल मंत्री रेखा आर्या गौलापार में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की भूमि का निरीक्षण करते हुए। इस दौरान उन्होंने भूमि की मिट्टी माथे से लगाकर खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने के संकल्प को दोहराया।
समतलीकरण कार्यों का लिया जायजा, नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप के उद्घाटन पर कहा- उत्तराखंड बन रहा खेल आयोजनों का बड़ा केंद्र

हल्द्वानी, 2 जून 2026। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को गौलापार में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की भूमि का निरीक्षण किया और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का उद्घाटन किया। खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से राष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है और खेल विश्वविद्यालय प्रदेश के खेल भविष्य को नई दिशा देगा।
हाल ही में वन विभाग से खेल विश्वविद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहली बार स्थल पर पहुंचीं रेखा आर्या भावुक नजर आईं। उन्होंने भूमि की मिट्टी को माथे से लगाकर नमन किया और इसे प्रदेश के लाखों खिलाड़ियों के सपनों से जुड़ा पवित्र स्थान बताया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के लिए चल रहे समतलीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
रेखा आर्या ने कहा कि यह केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों के सपनों और भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के माध्यम से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और अवसर उपलब्ध होंगे तथा यहीं से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वास्तविकता का रूप मिलने की बात भी कही।
इसके बाद खेल मंत्री ने गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का उद्घाटन किया। 1 से 4 जून तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकसित हो रहे आधुनिक खेल ढांचे और खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं के कारण प्रदेश राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पसंदीदा गंतव्य बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुए थाई केवल एक खेल नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और मानसिक मजबूती का माध्यम है। राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस दौरान खेल उपनिदेशक राशिका सिद्दकी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत, एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव राम चौधरी सहित खेल विभाग और एसोसिएशन के कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


