Ramnagar Sex Racket: लग्जरी रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार, 10 महिलाएं मुक्त
रामनगर के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा करने के बाद गिरफ्तार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
मेरठ के कारोबारी ने 2.20 लाख रुपये में दो दिन के लिए बुक कराया था रिसॉर्ट
एसओजी, एएचटीयू और रामनगर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बाहरी राज्यों व विदेश से लाई गई 10 महिलाओं (एक नाबालिग सहित) को मुक्त कराया गया। 51 आरोपी गिरफ्तार हुए, एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया और अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहे रिसॉर्ट को सील कर दिया गया।

रामनगर: नैनीताल पुलिस ने जिले के एक बड़े रिसॉर्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और रामनगर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके पर अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, महिलाओं से अश्लील डांस कराने तथा उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां पकड़ीं। मौके से शराब, बीयर, नकली ₹10 के नोटों की गड्डियां, लैपटॉप, मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया म्यूजिक सिस्टम समेत कई सामान बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार, जो मेरठ की एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है, ने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। पुलिस के अनुसार, लगभग 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर से संपर्क कर शराब, महिलाओं और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराई गई थी। 4 से 5 जुलाई तक रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने जानबूझकर पार्टी में शामिल लोगों और महिलाओं का आगंतुक रजिस्टर में कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इस आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार (मेरठ), राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी (दिल्ली), सुनील कुमार पांडेय (देवरिया), सर्वेश कुमार सिंह (बाराबंकी), रामानुज सिंह (अयोध्या), वीरेंद्र दुबे (गोंडा), जीत बहादुर (बाराबंकी), अनिरुद्ध वर्मा (लखनऊ), आशीष कुमार (बाराबंकी), आनंद कुमार (बाराबंकी), राघवेंद्र पांडेय (सिद्धार्थनगर), गौरव कुमार (दिल्ली) समेत कुल 51 आरोपी शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। वहीं, रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। एक 17 वर्षीय विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ₹2,500 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


