ऑपरेशन ‘प्रहार’: नैनीताल पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी थार पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार
फर्जी नंबर प्लेट लगी थार को पकड़ने के बाद जांच करती पुलिस टीम।
दूसरी गाड़ी का नंबर इस्तेमाल कर पुलिस को दे रहा था चकमा, भागने की कोशिश भी हुई नाकाम
हल्द्वानी, 05 मई 2026। जनपद नैनीताल में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कालाढूंगी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सड़क पर दौड़ रही एक महिंद्रा थार को पकड़ते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वाहन की असली पहचान छिपाने के लिए दूसरी गाड़ी का नंबर इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 04 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा नयाँगांव तिराहे के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक काले रंग की महिंद्रा थार संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बाद मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जसपाल सिंह उर्फ सोनू (36 वर्ष) निवासी ग्राम बैलपोखरा, कालाढूंगी के रूप में बताई। पुलिस द्वारा जब वाहन के कागजात मांगे गए तो आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन पर लगी नंबर प्लेट UK 04 AF 6111 को ई-चालान मशीन के माध्यम से चेक किया। जांच में सामने आया कि उक्त नंबर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।
गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने एक साथी प्रभजोत की मदद से वाहन की असली नंबर प्लेट UK 12 F 0005 हटाकर दूसरी गाड़ी की नंबर प्लेट लगा दी थी। आरोपी इस तरीके से वाहन की वास्तविक पहचान छिपाकर पुलिस और प्रशासनिक जांच से बचने की कोशिश कर रहा था।
मामले को गंभीर धोखाधड़ी मानते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने थार वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थाना में FIR संख्या 42/2026 पंजीकृत की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार साथी प्रभजोत की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, कांस्टेबल अमनदीप सिंह और कांस्टेबल मनोज द्विवेदी शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


