Nainital News: नियम उल्लंघन और फायरिंग मामले में प्रशासन सख्त, पट्टा निरस्त और दो शस्त्र लाइसेंस रद्द
फाइल फोटो: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की बड़ी कार्रवाई, नियमों के उल्लंघन और शस्त्र दुरुपयोग पर कड़ा कदम
नैनीताल, 08 मई 2026। जिले में नियमों के उल्लंघन और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ललित मोहन रयाल ने आवासीय पट्टे की भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने के मामले में पट्टा निरस्त करने के साथ ही फायरिंग प्रकरण में दो शस्त्र लाइसेंस भी रद्द कर दिए हैं।
आवासीय भूमि पर चल रहा था रेस्टोरेंट
जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदराम को आवासीय उद्देश्य से भूमि आवंटित की गई थी। बाद में उनके वारिस रोहित कुमार, दिनेश कुमार और संतोष कुमार निवासी छड़ा मझेड़ा कैंची धाम द्वारा उक्त 0.008 हेक्टेयर भूमि पर रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था।
जांच में पाया गया कि भूमि का उपयोग आवासीय प्रयोजन के बजाय व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, जो पट्टे की शर्तों के विपरीत है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से पट्टा निरस्त कर संबंधित भूमि को राज्य सरकार के पक्ष में निहित करने के आदेश जारी किए हैं।
जमीन विवाद में फायरिंग, दो शस्त्र लाइसेंस निरस्त
एक अन्य मामले में चंपावत क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई थी। पुलिस अधीक्षक चंपावत की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में महेंद्र कुमार तड़ागी ने अपने लाइसेंसी शस्त्र से दिनेश तड़ागी पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह घायल हो गए थे। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था।
घटना को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने महेंद्र कुमार तड़ागी के नाम जारी .38 बोर रिवॉल्वर और सिंगल बैरल बंदूक के दोनों शस्त्र लाइसेंस आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17(3) के तहत निरस्त कर दिए हैं।
प्रशासन की इन कार्रवाइयों को नियमों के अनुपालन और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


