Nainital News: स्वतंत्रता दिवस पर SSP मंजूनाथ टीसी अलर्ट, कैंची धाम समेत जिलेभर में सुरक्षा कड़ी; डायवर्जन प्लान जारी
स्वतंत्रता दिवस को लेकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए कड़े निर्देश दिए।
15-16 अगस्त को कैंची धाम, भवाली और भीमताल में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, बैरियरों पर सघन चेकिंग; श्रद्धालुओं-पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था
नैनीताल, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस और रविवार के अवकाश को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। वहीं, कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए 15 और 16 अगस्त के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।
14 अगस्त की रात से सघन चेकिंग
एसएसपी ने अधिकारियों को 14 अगस्त की रात से ही जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। चिन्हित बैरियरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और आने-जाने वाले वाहनों के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की प्रभावी चेकिंग की जाएगी। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा।
टांडा, एमवीआईआर, सुभाषनगर, गड़प्पू, हल्दुवा, मोहन, धानाचूली, क्वारब और खैरना समेत प्रमुख बैरियरों पर पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में स्थापित बैरियरों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी और चेकिंग की जाएगी।
होटल, स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों, सार्वजनिक स्थलों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, होटलों, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और टैक्सी स्टैंड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर बीडीएस और डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं की जांच की जाएगी।
नैनीताल पुलिस की सोशल मीडिया सेल भी भ्रामक और अफवाहजनक सूचनाओं पर नजर रखेगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कैंची धाम के लिए 15 और 16 अगस्त को विशेष ट्रैफिक प्लान
स्वतंत्रता दिवस और रविवार के अवकाश पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़/मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली से रोका जा सकता है अथवा रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा
बाहरी जनपदों एवं राज्यों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम दर्शन के लिए भेजा जाएगा।
वहीं गेठिया/नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ और खुटानी मार्ग से जा सकेंगे, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि 15 और 16 अगस्त को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में संभावित यातायात दबाव को देखते हुए निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
वहीं स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस एवं सीपीयू की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


