Nainital News: त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, हल्द्वानी से रामनगर तक छापेमारी; नमूने लिए
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य नमूने लिए।
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, आटा, दाल, घी, दूध, मसाले व मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे; मिलावट मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
नैनीताल, 26 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए मिलावटखोरी पर प्रभावी रोकथाम और आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद नैनीताल में विशेष निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संग्रहण अभियान चलाया। जिलाधिकारी नैनीताल तथा आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में 26 अगस्त को हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण कर नियमानुसार विधिक एवं सर्वे नमूने संकलित किए गए।
हल्द्वानी एवं कालाढूंगी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य विनिर्माण इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कृष्णा सॉस, काजू, नूडल्स तथा अरहर दाल के विधिक खाद्य नमूने लिए गए। नमूने मंडाकिनी बेवरेजेज लामाचौड़, पीके फूड्स एंड केमिकल्स विजयपुर-चकलुवा, न्यूट्रीकॉन्सेप्ट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड धमोला तथा अन्य प्रतिष्ठानों से संकलित किए गए। कालाढूंगी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
रामनगर के शिवलालपुर एवं चिलकिया क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया। यहां तीन खाद्य प्रतिष्ठानों, जिनमें दो खाद्य उत्पादन इकाइयां शामिल हैं, का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गेहूं के आटे और गरम मसाला (खड़ा) के विधिक खाद्य नमूने संकलित किए गए। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान संचालक मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर उसे एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया। वहीं लाइसेंस से संबंधित अनुपालन प्रपत्र, मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल एवं खाद्य परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए जाने पर इन्हें ऑनलाइन प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन की समयावधि दी गई है। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी असलम खान के नेतृत्व में संचालित हुआ।
हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर वनस्पति, दूध और घी के विधिक नमूने भी संकलित किए गए। इसके अलावा खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर एवं रसगुल्ले के सर्वे नमूने लिए गए हैं, जिन्हें खाद्य विश्लेषण के लिए भेजा जा रहा है। अभियान के दौरान संकलित विधिक खाद्य नमूनों को परीक्षण एवं जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, ऊधमसिंहनगर भेजा जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच जरूर करें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


