नैनीताल: 23वीं प्रादेशिक पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का आगाज, 9 टीमें मैदान में उतरीं
गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 9 टीमों की टक्कर, पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पीएसी और आईआरबी टीमों का दबदबा
नैनीताल, 24 अप्रैल 2026। डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के नेतृत्व में जनपद नैनीताल के मानसखंड खेल परिसर स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में 23वीं प्रादेशिक जनपद/वाहिनी पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 (पुरुष एवं महिला) का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल (IAS) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय, सीओ (प्रशिक्षु) विनय सिंह एवं अंकित थपलियाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, दिनेश फर्त्याल, थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान टीमों का फॉल-इन, मुख्य अतिथि का स्वागत, टीम मैनेजरों द्वारा परिचय, मार्च पास्ट और मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। साथ ही गत वर्ष के चैंपियन और नैनीताल टीम के कप्तान द्वारा सभी खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गई।
प्रतियोगिता में कुल 9 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें जनपद अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, 31वीं, 40वीं और 46वीं वाहिनी पीएसी, आईआरबी प्रथम, आईआरबी द्वितीय और जनपद नैनीताल शामिल हैं।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में 46वीं वाहिनी पीएसी ने जनपद नैनीताल को 7-0 से हराया। दूसरे मैच में आईआरबी प्रथम ने 40वीं वाहिनी पीएसी को 4-1 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में 31वीं वाहिनी पीएसी ने पिथौरागढ़ को 6-1 से हराया, जबकि चौथे मैच में ऊधमसिंह नगर ने अल्मोड़ा को 4-1 से शिकस्त दी।
यह प्रतियोगिता 24 से 26 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसका समापन समारोह 26 अप्रैल को सायं 5 बजे होगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल में खेल भावना, टीम वर्क और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देना है। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


