उत्तराखंड: सीएम धामी और रेल मंत्री वैष्णव की मुलाकात, रेल परियोजनाओं व ‘डिजिटल कुम्भ 2027’ पर फोकस
RRTS विस्तार से चारधाम रेल तक तेज़ी की मांग, AI और IoT तकनीक से स्मार्ट कुम्भ की तैयारी

देहरादून/नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और ‘डिजिटल कुम्भ 2027’ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न रेल परियोजनाओं में तेजी लाने का अनुरोध करते हुए केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रदेशवासियों की ओर से आभार भी जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सामरिक, भौगोलिक, धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। उन्होंने दिल्ली-Meerut आरआरटीएस के सफल संचालन का उल्लेख करते हुए मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक इसके विस्तार की आवश्यकता बताई, ताकि बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके और यात्रा सुगम हो।
उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पहले चरण को वर्ष 2026 तक पूरा कर लोकार्पण करने का अनुरोध किया। साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे की अनुमति, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण, रायवाला बाई-डक ब्रिज के विकास और चारधाम रेल परियोजना के विभिन्न हिस्सों में तेजी लाने की मांग रखी। मोहंड-देहरादून-सहारनपुर रेल लाइन को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने ‘कुम्भ 2027’ को इस बार ‘डिजिटल कुम्भ’ के रूप में आयोजित करने की योजना साझा की। उन्होंने बताया कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए ₹143.96 करोड़ की वित्तीय सहायता हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और इस पर शीघ्र स्वीकृति का अनुरोध किया गया है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


