रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा में मुस्तैद प्रशासन, हेली रेस्क्यू से दो गंभीर मरीजों की बची जान
केदारनाथ यात्रा के दौरान गंभीर मरीज को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करते बचाव दल
घोड़े से गिरी महिला को एयरलिफ्ट, हार्ट अटैक मरीज एम्स रेफर; समय पर इलाज से एक अन्य श्रद्धालु स्वस्थ
रुद्रप्रयाग, 29 अप्रैल 2026। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में दो गंभीर बीमार यात्रियों को हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से सुरक्षित रेस्क्यू कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया।
मध्यप्रदेश निवासी 59 वर्षीय सुनीता लिनचोली से घोड़े के माध्यम से केदारनाथ जा रही थीं। इस दौरान वह अचानक घोड़े से गिर गईं। धाम पहुंचने के बाद उनके घुटने और पैर में तेज दर्द होने लगा, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया।
वहीं राजस्थान के कोटा निवासी 47 वर्षीय डॉ. दीवाकर शर्मा को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। उन्हें नारायणकोटी स्थित माधव चिकित्सालय ले जाया गया, जहां जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
एक अन्य मामले में महाराष्ट्र के लातूर की 65 वर्षीय संगीता पाटिल को सांस लेने में दिक्कत और छाती में जकड़न की शिकायत हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ में डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिससे उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
इन सभी मामलों में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन टीमों और सुरक्षा बलों के बीच बेहतरीन समन्वय देखने को मिला। सभी रेस्क्यू ऑपरेशन कम समय में सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में सभी टीमें 24×7 अलर्ट मोड में कार्य कर रही हैं, जिससे केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


