केदारनाथ यात्रा 2026: ग्रीन-प्लास्टिक मुक्त होगी यात्रा, सीएम धामी ग्राउंड जीरो पर उतरे
रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक सड़क मार्ग का निरीक्षण, अधिकारियों को समय से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

रुद्रप्रयाग, 16 अप्रैल 2026। आस्था के महापर्व श्री केदारनाथ धाम यात्रा को इस वर्ष “ग्रीन” और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 22 अप्रैल 2026 को कपाट खुलने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सड़क मार्ग से यात्रा कर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवाड़ी बाईपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, बांसवाड़ा और कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क के पेचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सुरक्षा उपायों के साथ सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य और संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड पर यात्री शेड, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के पास पुलिस चौकियों में दवाइयां, पेयजल और फूड पैकेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने “ग्रीन यात्रा” पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। साथ ही भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

गैस आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से अतिरिक्त गैस की मांग की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही “वोकल फॉर लोकल” के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जोड़कर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


