कंचनजंगा एक्सप्रेस हादसा : मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हुई, 60 से ज्यादा घायल..राहत और बचाव कार्य जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
सिलीगुड़ी (न्यूज़ एशिया)। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में मालगाड़ी और कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन के बीच हुई दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है वहीं घायलों की संख्या लगभग 60 बताई जा रही है. हादसे का शिकार हुई कंचनजंगा एक्सप्रेस सियालदह जा रही थी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी के इंजन से पीछे से टक्कर लगने के बाद कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से लगभग 30 किलोमीटर दूर इस घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “ट्रेन दुर्घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 60 लोग घायल हैं।” इससे पहले, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे जोन में हुआ। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेलवे, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।”
उत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने बताया कि 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस अगरतला से सियालदह जा रही थी तभी यह दुर्घटना सुबह नौ बजे के करीब हुई।
द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में ट्रेन दुर्घटना के कारण लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं।”
कंचनजंगा एक्सप्रेस हादसे में मरने वालों की संख्या में लगतार इजाफा हो रहा है. इस बीच खबर है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घटना स्थल जा रही हैं. वह स्थिति का जायजा लेंगी।
रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ जया वर्मा सिन्हा ने कहा, ‘बचाव अभियान पूरा हो गया है. सिग्नल की अनदेखी करने वाले लोको पायलट की मौत हो गई है और कंचनजंगा एक्सप्रेस के गार्ड की भी जान चली गई है. अगरतला-सियालदह मार्ग पर सभी रेलवे स्टेशनों पर सहायता डेस्क स्थापित किए गए हैं.’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी. साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा “पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया. प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Uttarakhand News: पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा खेल क्लब
Uttarakhand Weather Update: बारिश-बर्फबारी के बाद 3 से 6 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क
Dehradun News: सीएम धामी ने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
Khatima News: जंगल में चारा लेने गई महिला को हाथी ने कुचला, परिवार में मचा कोहराम
Haldwani News: हल्द्वानी और लालकुआं में दो दिन बिजली कटौती, कई इलाकों में पांच घंटे गुल रहेगी बिजली