कैंचीधाम मेले में ड्यूटी के दौरान युवती से छेड़छाड़ का आरोप, दो पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज
कैंचीधाम मेले में ड्यूटी के दौरान युवती से छेड़छाड़ का आरोप , दो पुलिसकर्मियों पर मुकदमा
आरोपों के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश, मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मेले में ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगने से हड़कंप मच गया। एक होम स्टे संचालक की बेटी से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में एएसआई और कॉन्स्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कॉन्स्टेबल जितेन्द्र कुमार की ड्यूटी कैंचीधाम मेले में लगाई गई थी। इसी दौरान मंदिर क्षेत्र के समीप स्थित एक होम स्टे संचालक की बेटी ने दोनों पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। विरोध करने पर आरोप है कि दोनों ने युवती के साथ अभद्रता और मारपीट भी की।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी और कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। कोतवाली भवाली के प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर माहौल शांत कराया।
दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, युवती के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने बाबा नीम करौली महाराज के पवित्र धाम में हुई इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि दोष सिद्ध होने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


