कैंची धाम स्थापना दिवस: भक्ति और आस्था का अद्भुत सैलाब, बाबा नीब करौली के जयकारों से गूंजा धाम
कैंची धाम स्थापना दिवस 2026 पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, भोर से ही बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब।
Kainchi Dham Foundation Day 2026 – नैनीताल के विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। सोमवार सुबह छह बजे के बाद ही भवाली की ओर से मंदिर तक लगभग एक किलोमीटर लंबी श्रद्धालुओं की कतार लग गई। भक्त बाबा के जयकारों और श्रीराम नाम के उद्घोष के साथ अनुशासित रूप से दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
स्थापना दिवस का शुभारंभ तड़के पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को मालपुए का भोग लगाने के साथ हुआ, जिसके बाद विधिवत दर्शन प्रक्रिया शुरू कर दी गई। रातभर से कतार में खड़े श्रद्धालुओं को बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है और मालपुए का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। सुबह नौ बजे तक ही 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का लगातार आना जारी है।
इस भव्य आयोजन को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल, एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। तीन जिलों के एसएसपी और एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। लगभग 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री कर्मी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं।
श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। भीमताल, भवाली, नैनीताल, हल्द्वानी, काठगोदाम और अन्य मार्गों से शटल सेवाएं चलाई जा रही हैं। निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर आगे शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है, जबकि विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था से यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।
कैंची धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित कराए जा सकें। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA सिस्टम) के माध्यम से लगातार दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
पूरे आयोजन का माहौल आस्था, अनुशासन और व्यवस्था का अद्भुत संगम बन गया है, जहां लाखों श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन को पहुंच रहे हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



उत्तराखंड साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान (15–21 जून 2026): पहाड़ों में बारिश की फुहार, मैदानों में गर्मी की मार—मानसून से पहले मौसम में बड़ा बदलाव