हल्द्वानी: जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त, मौके पर निस्तारण—अतिक्रमण हटाने के निर्देश
भूमि विवाद, सड़क, बैंक लोन, अतिक्रमण और सार्वजनिक मार्ग बाधा जैसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई
हल्द्वानी, 28 मार्च 2026। शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मा० मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण किया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, सड़क निर्माण, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, पेयजल, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद और विकलांगता प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण प्रकरण सामने आए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान न्यू आदर्श कॉलोनी, रामपुर रोड निवासी मनोज मनराल द्वारा कॉलोनी के गेट विवाद का मामला उठाया गया, जिसे आयुक्त ने मौके पर ही सुलझा दिया। वहीं प्रदीप चंद जोशी की भूमि विक्रय संबंधी समस्या पर राजस्व विभाग को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। बाजपुर की राजप्रीत कौर की खतौनी निर्गत करने की शिकायत पर भी त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।
कोटाबाग क्षेत्र से आए ग्राम प्रधानों ने घूघूखान-सौड़ से हरियाल मोटर मार्ग में देरी की समस्या उठाई, जिस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही पंगोट-कुंजखरक मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए।
खुरपाताल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान में अतिक्रमण की शिकायत पर आयुक्त ने परिसर में साझा उपयोग के लिए गेट पर ताला लगाकर तीन विभागों—ग्राम प्रधान, विद्यालय और उद्यान विभाग—को चाबी देने के निर्देश दिए और स्वयं निरीक्षण करने की बात कही।
गोलापार निवासी शांति और रामड़ीआनसिंह की भावना बिष्ट के बैंक लोन संबंधी मामलों में आयुक्त ने सीधे बैंक प्रबंधकों से वार्ता कर समस्याओं का समाधान कराया। वहीं बिठौरिया निवासी कमल किशोर जोशी के भुगतान विवाद को भी गंभीरता से लेते हुए बैंक और तहसील प्रशासन को निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान बैल पोखरा, रामपुर रोड क्षेत्र में 15 फीट चौड़े सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण का मामला भी सामने आया। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल के निर्माण के कारण पारंपरिक मार्ग बाधित हो गया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्ग में किया गया अवरोध तत्काल हटाया जाए और सार्वजनिक मार्ग पर बने रैंप को भी हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में सरपंच संगठन के प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन आयुक्त द्वारा दिया गया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


