देहरादून – धामी कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आज ,इन बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना

Dehradun , Dhami Cabinet Meeting Today: उत्तराखंड राज्य मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज 3 फरवरी सोमवार को सचिवालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। वहीं, इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सरकार की मुहर लगने की उम्मीद है।
मिली जानकारी के अनुसार आज देहरादून स्थित सचिवालय में धामी कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक दोपहर करीब 12.30 बजे शुरू होगी। इस दौरान बैठक में एक दर्जन से अधिक प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ ही विभिन्न विभागों के प्रस्ताव आएंगे। इन प्रस्तावों पर सरकार की मुहर लगने की उम्मीद है।
इस बैठक में प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में 2347 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आएगा। पहले इन पदों को प्रयाग पोर्टल के माध्यम से भरा जाने की योजना थी, लेकिन अब तकनीकी दिक्कतों के चलते यह प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से करने का विचार किया जा रहा है। इसके लिए आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा।
प्रदेश के विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी के कई पद लंबे समय से खाली हैं, और इन पदों को जल्द से जल्द भरने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पहले प्रयाग पोर्टल के माध्यम से भर्ती की योजना थी, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण यह प्रक्रिया सुगम नहीं हो पाई। अब जेम पोर्टल का विकल्प चुना गया है, जिससे भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और जल्द ही इन पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति हो सके।
बताया जा रहा है कैबिनेट बैठक में दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, राज्य की नीतियों और विकास कार्यों से संबंधित अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं। इस बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा का केंद्र प्रस्तावित आबकारी नीति 2025-26 है। इस नीति के तहत प्रदेश भर में शराब ठेकों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार ठेकों का आवंटन लॉटरी के बजाय पिछले वर्ष की तरह रिन्यूवल के आधार पर होने की संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि लॉटरी प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा है। आज की कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले फैसले उत्तराखंड के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। सभी की निगाहें इस बैठक के परिणामों पर टिकी हुई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें