उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में दो दर्दनाक सड़क हादसे, तीन की मौत, छह घायल
पिथौरागढ़ में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे,
मुवानी–थल और मुनस्यारी क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में एक पूर्व सैनिक समेत तीन लोगों की जान गई, जबकि छह लोग घायल हो गए
पिथौरागढ़,16 मई 2026: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में शनिवार को दो दर्दनाक सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। इन हादसों में कुल तीन लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए।
पहली घटना मुवानी–थल मार्ग की है, जहां चोपड़ा के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई (गधेरे) में जा गिरी। हादसे में मालासीमा गांव के तीन युवक—प्रदीप ज्याला (24), बॉबी सिंह देऊपा (19) और बलवंत सिंह भंडारी (25)—सवार थे। दुर्घटना में प्रदीप और बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलवंत गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर तीनों को खाई से बाहर निकाला। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी मुवानी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष प्रकाश पांडे ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
दूसरी घटना मुनस्यारी क्षेत्र की है, जहां क्वीटी से मुनस्यारी जा रही एक टैक्सी हरकोट बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 70 वर्षीय पूर्व सैनिक नेत्र सिंह राणा की मौत हो गई, जबकि चालक सहित पांच लोग घायल हो गए।
घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद की।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


