बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर महारैली में भारी जनसैलाब- Nainital News
एक-सूत्रीय मांग- राजस्व गांव की अधिसूचना जल्द जारी हो
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, 2 महीने का अल्टीमेटम
हल्द्वानी और देहरादून में विशाल प्रदर्शन की चेतावनी
लालकुआं। बिंदुखत्ता राजस्व गांव की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर आयोजित महारैली में बुधवार को ग्रामीणों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर जुलूस की शक्ल में रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे जहां पर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। बिंदुखत्ता राजस्व गांव संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित इस महारैली में भारी संख्या में मातृशक्ति ,पूर्व सैनिक , नौजवान और बुजुर्ग शामिल हुए।

इससे पूर्व जनता इंटर कॉलेज जड़ सेक्टर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वनाधिकार अधिनियम 2006 के तहत बिंदुखत्ता राजस्व गांव की समस्त कागजी कार्यवाही और प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद शासन प्रशासन द्वारा अधिसूचना जारी नहीं की जा रही है जिससे ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। इस दौरान वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो माह के भीतर राजस्व गांव की अधिसूचना जारी नहीं हुई तो हल्द्वानी और उसके बाद देहरादून में विशाल प्रदर्शन किए जाएंगे जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब क्षेत्र के लोग राजस्व गांव को लेकर किसी भी आश्वासन या झांसे में आने वाले नहीं हैं। उनकी केवल एक मांग है वन अधिकार अधिनियम के तहत बिंदुखत्ता राजस्व गांव की अधिसूचना जल्द जारी हो। इस दौरान रैली के संयोजक कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी सहित समस्त आयोजक मंडल ने ग्रामीणों से आगामी चरण के आंदोलन में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
10 हजार से अधिक लोग सड़कों पर उतरे
बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले कई वर्षों से समय-समय पर आंदोलन करते आ रहे हैं। वहीं इतना बड़ा जन सैलाब पहली बार सड़कों में देखने को मिला। अनुमान के मुताबिक 10 हजार से अधिक संख्या में लोग अनुशासित होकर सड़क पर उतरे। इस दौरान ग्रामीण हुंकार भर रहे थे कि वह भीख नहीं अधिकार मांग रहे हैं हर हाल में राजस्व गांव लेकर रहेंगे। रैली में वनाधिकार संगठन , पूर्व सैनिक संगठन , व्यापार मंडल , गौला संघर्ष समिति समेत विभिन्न जन संगठनों और राजनीतिक दलों का समर्थन रहा।

राजनेताओं ने भी दिया समर्थन
बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर महारैली को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत , नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल सहित तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने अपना समर्थन दिया। और जनसभा को संबोधित करते हुए इस लड़ाई में ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


