हरिद्वार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल, साथी फरार
पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी गिरफ्त में।
बुग्गावाला में चेकिंग के दौरान पुलिस पर की गई फायरिंग के बाद हुई कार्रवाई, घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और मोबाइल बरामद; चौकीदार गोलीकांड से जुड़े होने के सुराग मिलने का पुलिस का दावा, फरार साथी की तलाश जारी।
हरिद्वार/रुड़की। हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बीयर फैक्ट्री के चौकीदार को गोली मारने के मामले का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और हाल ही में हुई फैक्ट्री फायरिंग घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात बुग्गावाला थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ यूपी बॉर्डर से सटे बंजारावाला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंजारावाला की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं उसका साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
चौकीदार गोलीकांड से जुड़ा निकला आरोपी
घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला, जिला हरिद्वार बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून को अमानतगढ़ स्थित बंद पड़ी बीयर फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी वही बदमाश है जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर अमानतगढ़ स्थित बीयर फैक्ट्री के चौकीदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
फरार गुलजार की तलाश में कॉम्बिंग तेज
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस और एसओजी की टीमें क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं।
मौके पर पहुंचे एसपी देहात
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरी जानकारी ली। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ रही हैं। पुलिस पूरे गिरोह और घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जल्द ही मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
पुलिस के लिए बड़ी सफलता
बीयर फैक्ट्री चौकीदार गोलीकांड के मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में यह मुठभेड़ पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों से पुलिस को मामले की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस सनसनीखेज वारदात से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


