हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हरिद्वार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत। (प्रतीकात्मक फोटो)
हरकी पैड़ी से घर लौट रहे दादा-दादी और उनके पांच वर्षीय नाती ने गंवाई जान, फ्लाईओवर पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हरिद्वार। नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर क्षेत्र स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दंपति और उनके पांच वर्षीय नाती ने जान गंवा दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कांगड़ी फ्लाईओवर पर एक सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में श्यामपुर क्षेत्र के गाजीवाली निवासी मंजू देवी (50), उनके पति वीर सिंह (53) और पांच वर्षीय नाती शिव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वीर सिंह और उनकी पत्नी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान संचालित करते थे। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद दोनों अपने पांच वर्षीय नाती शिव सिंह के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कांगड़ी फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली अंधेरे के कारण उन्हें दिखाई नहीं दी और उनकी स्कूटी सीधे वाहन के पीछे जा भिड़ी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना से कुछ समय पहले भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक अन्य स्कूटी की टक्कर हुई थी। बताया जा रहा है कि उस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को फ्लाईओवर के किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। इसके कुछ देर बाद वीर सिंह का परिवार उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना के बाद फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरा होने के कारण सड़क पर खड़े वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। मामले को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है तथा फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गाजीवाली गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


