Haridwar News: कांवड़ लेने आए चार किशोरों की गंगनहर में डूबने से मौत, एक-दूसरे को बचाने में चली गई चारों की जान
हरिद्वार के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में डूबे चार किशोरों की तलाश के दौरान राहत एवं बचाव अभियान में जुटी जल पुलिस और गोताखोर।
जटवाड़ा पुल के पास बंद पड़ी गंगनहर के गहरे पानी में नहाते समय हुआ हादसा, एक साथी को बचाने की कोशिश में चारों किशोरों की चली गई जान; सभी चंडीगढ़ के रहने वाले थे।
हरिद्वार, 31 जुलाई 2026। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा सामने आया। चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए चार नाबालिग दोस्तों की ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास बंद पड़ी गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगनहर के बीच पानी से भरे गहरे गड्ढे में पहले एक किशोर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बाकी तीन दोस्त भी पानी में उतर गए, लेकिन देखते ही देखते चारों गहरे पानी की चपेट में आ गए और कोई भी बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही पलों में खुशियों से भरा सफर मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। जल पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों किशोरों को गंगनहर से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद उनके घरों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16) निवासी सेक्टर-30 बी, रोहित (17) निवासी सेक्टर-26 बाबूधाम कॉलोनी और भरत (16) निवासी सेक्टर-30 बी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। चारों 30 जुलाई की रात कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचे थे। गंगाजल भरने के बाद शुक्रवार तड़के वे अपने अन्य साथियों के साथ चंडीगढ़ लौट रहे थे। जटवाड़ा पुल के पास पहुंचने पर वे अपने पीछे आ रहे साथियों का इंतजार करने लगे। इसी दौरान गर्मी से राहत पाने के लिए सुबह करीब चार बजे चारों गंगनहर में स्नान करने उतर गए।
बताया गया कि इन दिनों गंगनहर में सिल्ट जमा होने के कारण पानी का प्रवाह बंद था। अधिकांश हिस्से में पानी नहीं था, लेकिन बीच-बीच में गहरे गड्ढों में पानी भरा हुआ था। चारों किशोर रेलिंग पार कर ऐसे ही एक स्थान पर नहाने पहुंचे, जहां गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण वे हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक किशोर के डूबने पर बाकी तीन उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन कोई भी तैरकर बाहर नहीं निकल सका और चारों की एक साथ दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा गहरे पानी और सावधानी न बरतने के कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चारों किशोर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र थे। कांवड़ यात्रा के दौरान एक साथ चार दोस्तों की मौत ने न केवल उनके परिवारों, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


