Chamoli News: बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ में दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 6 लोग थे सवार
हाथी पर्वत क्षेत्र में संपर्क टूटने के बाद हादसे की सूचना, सेना, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटीं; कंपनी के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर लगाई गई रोक
चमोली, 30 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद जोशीमठ क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान क्षेत्र में बर्फबारी हो रही थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसी दौरान उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी लोकेशन बताने में असमर्थ हो गया। बाद में हाथी पर्वत क्षेत्र और मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्रशासन को मिली।
य
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन के अनुसार, बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्रांतर्गत मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया।
प्रशासन के मुताबिक, भारतीय सेना की ओर से सबसे पहले चमोली के जिलाधिकारी को हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी गई। इसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू टीमों को सक्रिय किया। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। हेलीकॉप्टर की तलाश और घटनास्थल तक पहुंचने के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
एसडीएम जोशीमठ से दोपहर 2:21 बजे प्राप्त सूचना के अनुसार, चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की जानकारी मिली थी। यूकाडा कर्मचारियों ने आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन मिलने की बात बताई थी। इसके बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। हालांकि, शुरुआती सूचना में दुर्घटनाग्रस्त होने और क्रैश लैंडिंग के बीच स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी।
हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान हिमांशु (पायलट), प्रताप, अरुण, शंकर, सुधीर और एमएस नागाराजा के रूप में बताई गई है। हादसे में यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जुटाई जा रही थी।
इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी चिंता जताई। उन्होंने चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी करने की बात कही। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के सकुशल होने की कामना भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल हादसे के कारणों और हेलीकॉप्टर की तकनीकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


