हल्द्वानी: नई आबकारी नीति में नीलामी, किस दुकान ने तोड़ा रिकॉर्ड? 3.10 करोड़ में लगी सबसे ऊंची बोली
88 कारोबारियों के बीच कड़ी टक्कर, 8 दुकानों के लिए 215 आवेदकों ने आजमाई किस्मत
हल्द्वानी। नई आबकारी नीति के तहत शुक्रवार को जिले की आठ देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों की नीलामी प्रक्रिया हल्द्वानी स्थित डीएम कैंप कार्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। इस दौरान पंचायत घर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3.10 करोड़ रुपये की बोली हासिल की, जो नीलामी का मुख्य आकर्षण रही।
पंचायत घर की इस दुकान के लिए सबसे अधिक 88 कारोबारियों ने लॉटरी में हिस्सा लिया, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा रहा। अंततः यह दुकान रिकॉर्ड कीमत पर आवंटित हुई। वहीं, दूसरे स्थान पर रामनगर के मोहान क्षेत्र की दुकान रही, जिसके लिए 34 कारोबारियों ने आवेदन किया। कुल मिलाकर जिले की आठ दुकानों के लिए 215 आवेदकों ने डीएम कैंप कार्यालय में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया में भाग लिया।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान जिला आबकारी अधिकारी मीनाक्षी टम्टा, आबकारी निरीक्षक धीरेश सिंह बिष्ट, डीएस बिष्ट और उमेश पाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, नैनीताल जिले में पहले देशी और विदेशी शराब की कुल 65 दुकानें संचालित हो रही थीं। नई आबकारी नीति के तहत आठ नई दुकानों के जुड़ने से अब यह संख्या बढ़कर 73 हो गई है, जिनमें 35 दुकानें देशी शराब की हैं। राजस्व के लिहाज से मंडी-तीनपानी स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान सबसे अधिक कमाई करने वाली मानी जाती है, जिससे करीब 14 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होता है।
नई नीति के तहत प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया और अधिक पारदर्शिता पर जोर दिया गया है, जिससे सरकार को राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


