Haldwani News: तीनपानी फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, दो किशोरों की मौत
तीनपानी फ्लाईओवर पर कार पलटने से दो किशोरों की मौत, दो घायल।
तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, दो किशोर गंभीर घायल; एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने घटनास्थल का जायजा लेकर अस्पताल में घायलों का हाल जाना
हल्द्वानी, 23 अक्टूबर 2026। शहर के तीनपानी फ्लाईओवर पर शुक्रवार अपराह्न तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 23 अक्टूबर को कार संख्या UK02A-2544 (फोर्ड फिगो) काठगोदाम की ओर से लालकुआं की तरफ जा रही थी। अपराह्न करीब चार बजे तीनपानी फ्लाईओवर के पास कार तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग अंदर फंस गए।
दो किशोरों की मौत, दो घायल
हादसे में जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान उत्कर्ष धपोला (16), निवासी ऊंचापुल, हल्द्वानी और सिद्धांत पाठक (16), निवासी देवलचौड़, हल्द्वानी के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में भाविका (16) और प्रांजल (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। कार में बुरी तरह फंसे मृतकों के शव निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।
एसएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों और टीमों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना और उनके उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। नैनीताल पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन पर नियंत्रण बनाए रखें और यातायात नियमों की अनदेखी न करें। तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर चालक के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


