हल्द्वानी: पोस्टमार्टम के बाद दो शवों की अदला-बदली, अंतिम दर्शन के वक्त हुआ बड़ा खुलासा
प्रतीकात्मक तस्वीर।
एसटीएच मोर्चरी से दो परिवारों को सौंपे गए गलत शव, अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच मचा हड़कंप; जांच के आदेश
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) की मोर्चरी में रविवार को सामने आई एक गंभीर लापरवाही ने दो परिवारों के दुख को और गहरा कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शवों की अदला-बदली होने से अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे परिजनों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब अंतिम दर्शन के दौरान पता चला कि घर लाया गया शव उनके अपने परिजन का नहीं बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का है।
जानकारी के अनुसार पनियाली निवासी रमेश चंद्र भट्ट (64) ने 17 जून को कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों के लिए शव घर ले गए, लेकिन अंतिम दर्शन के दौरान जब चेहरे की पहचान की गई तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि वह शव बागेश्वर जिले के चिड़ंग गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज सिंह का है, जिनकी भी उपचार के दौरान मौत हुई थी।
मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने किया हंगामा
शव बदलने की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन शव को वापस लेकर एसटीएच पहुंचे और मोर्चरी के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। संयोगवश मनोज सिंह के परिजन भी उस समय अस्पताल परिसर में मौजूद थे। बाद में दोनों परिवारों को उनके सही शव सौंपे गए।
परिजनों ने मोर्चरी कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस गलती से दोनों परिवारों को भारी मानसिक पीड़ा और असहनीय सदमा झेलना पड़ा है। घटना के बाद अस्पताल की शव प्रबंधन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: एसपी सिटी
एसपी सिटी मनोज कात्याल ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। शवों की अदला-बदली की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस मोर्चरी के रिकॉर्ड की जांच कर रही है और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



लखनऊ में बड़ा हादसा: कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 15 लोगों की मौत