हल्द्वानी: विकास कार्यों में तेजी, डीएम सख्त—मानसून से पहले पूरे हों प्रोजेक्ट
गैस पाइपलाइन, सड़क हॉटमिक्स और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की समीक्षा, 10 दिन में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
हल्द्वानी, 27 मार्च 2026: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में नैनीताल जनपद में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य तीव्र गति और आक्रामकता के साथ किए जाएं, ताकि मानसून से पूर्व उन्हें पूरा किया जा सके।
जिलाधिकारी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामंजस्य पर जोर देते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए।
गैस पाइपलाइन कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने एचपीसीएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि हल्द्वानी में यूयूएसडीए और पेयजल विभाग द्वारा संचालित कार्यों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों पर हॉटमिक्स से पहले ही गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि पीलीकोठी क्षेत्र में गैस पाइपलाइन कार्य इसी सप्ताह पूरा किया जाएगा।
रामनगर में गैस पाइपलाइन प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि 20 किमी में से 15 किमी कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 5 किमी कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
यूयूएसडीए द्वारा सड़कों के हॉटमिक्स कार्य की समीक्षा में 17 किमी लक्ष्य के सापेक्ष केवल 12 किमी कार्य पूरा होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि भविष्य में निर्धारित लक्ष्य समय से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अगले 10 दिनों में 17 किमी सड़कों पर हॉटमिक्स कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि प्रथम टनल में 644 मीटर में से 544 मीटर और द्वितीय टनल में 600 मीटर में से 590 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व दोनों टनलों का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही कॉफर डैम और सिंचाई नहरों के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
नहरों के किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए और इस कार्य में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाया जाए।
इसके अलावा शहर के सभी चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई सहित यूयूएसडीए, एचपीसीएल और जमरानी बांध परियोजना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


