Gujarat Accident: भीषण सड़क हादसा, सेना के जवान समेत उत्तराखंड के 7 लोगों की मौत
कच्छ में भीषण सड़क हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक।
भुज-खावड़ा हाईवे पर कार और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत; मृतकों में जवान की पत्नी, तीन माह की मासूम बेटी और दो बच्चियां भी शामिल
गुजरात/ देहरादून। गुजरात के कच्छ जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। भुज-खावड़ा हाईवे पर वेकारिया रण के पास कार और ट्रेलर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में भारतीय सेना के गढ़वाल रेजिमेंट में तैनात जवान सौरभ सिंह नेगी और राजेश सिंह रावत समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में जवान की पत्नी, महज तीन माह की मासूम बेटी और दो बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे की खबर से उत्तराखंड में शोक की लहर है।
रण ऑफ कच्छ घूमकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद कार से भुज की ओर लौट रहा था। शनिवार रात करीब 10 बजे भुज-खावड़ा हाईवे पर वेकारिया रण के नजदीक उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जवान, पत्नी और तीन माह की बेटी ने गंवाई जान
हादसे में भारतीय सेना की गढ़वाल रेजिमेंट में तैनात जवान सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता और तीन माह की बेटी शिविका की मौत हो गई। इनके अलावा जवान राजेश सिंह रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी तथा रिंकी गोसाईं और उनकी चार वर्षीय बेटी भी हादसे का शिकार हुईं। दो परिवारों से जुड़े लोगों की इस तरह असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
अस्पताल पहुंची पुलिस और सेना की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज अस्पताल ले जाया गया। सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की गई है।
कच्छ में हुए इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवार को हमेशा के लिए बिछुड़ा दिया। तीन माह की मासूम बच्ची समेत सात लोगों की मौत से हर कोई स्तब्ध है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


