Pauri News: मां की अर्थी को कंधा देते रो पड़े सीएम योगी, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि; चिता को एकटक निहारते रहे
मां की अंतिम विदाई के दौरान भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
पंचूर से हरिद्वार पहुंची अंतिम यात्रा में योगी आदित्यनाथ ने मां की अर्थी को कंधा दिया, चंडी घाट पर महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि दी।
पौड़ी गढ़वाल/ हरिद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा हरिद्वार पहुंची। चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां की चिता को एकटक निहारते रहे और भावुक हो उठे।
मां के अंतिम दर्शन के दौरान योगी आदित्यनाथ की आंखें नम हो गईं। उन्होंने पैतृक आवास से मां की अर्थी को कंधा दिया और अंतिम यात्रा में शामिल होकर हरिद्वार पहुंचे। चंडी घाट पर भी उन्होंने अर्थी को कंधा दिया। मां के अंतिम संस्कार के दौरान उनका भावुक रूप देखने को मिला।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। गांव में अंतिम रस्में पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, संजय निषाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, साध्वी निरंजन ज्योति, बाबा रामदेव समेत कई प्रमुख नेता और संत मौजूद रहे।
योगी आदित्यनाथ ने मां को कंधा देते हुए तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। इसके साथ महाभारत के श्लोक के माध्यम से मां की महिमा व्यक्त की। श्लोक का भाव है कि मां के समान कोई छाया, आश्रय, प्रेम, सुरक्षा और जीवनदाता नहीं है।
सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे पौड़ी जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। मां के निधन की सूचना मिलने पर योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पैतृक गांव पहुंचे थे। वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान अन्न-जल ग्रहण नहीं किया।
अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम है, जहां उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होना है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


