नैनीताल: औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए डीएम की ‘उद्योग मित्र’ बैठक
उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, सड़क-बिजली-पानी सहित आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के दिए निर्देश
हल्द्वानी 12 मार्च 2026: जनपद नैनीताल में औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में उद्योग मित्र बैठक आयोजित की।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाई गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं पर चर्चा एवं निर्देश दिए गए—
औद्योगिक आस्थान क्षेत्रों में सड़क, वैकल्पिक मार्ग, पानी, बिजली एवं विद्युत सबस्टेशन निर्माण से जुड़ी समस्याओं का समाधान।
जीएसटी रिफंड एवं अन्य औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण।
औद्योगिक इकाइयों में सड़क व विद्युत कार्यों को उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश।
जिन योजनाओं के लिए आंगणन प्रस्ताव तैयार किया जाना है, उन्हें विभागीय समन्वय के साथ शीघ्र तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश।
बैठक में बजूनियाहल्दू–पतलिया से कोटाबाग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने के संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि प्रथम चरण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को शासन स्तर से प्रगति की जानकारी प्राप्त कर अपने स्तर से प्रस्ताव स्वीकृति हेतु कार्यवाही कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ब्याज, विद्युत एवं परिवहन उपादान हेतु लगभग 59 लाख रुपये के 19 प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनका समिति द्वारा अनुमोदन हेतु संस्तुति की गई।
इसके अतिरिक्त सूर्या गांव–सातताल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 26.96 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को पुनः प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग औद्योगिक गतिविधियों और सड़क संपर्क की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः विभागीय समन्वय के साथ कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए।
बैठक में विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र (सबस्टेशन) के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि वे स्वयं शुक्रवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेंगे तथा राजस्व भूमि पर अतिक्रमण हटाकर चारदीवारी निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई—
भीमताल सिडकुल क्षेत्र में कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
नैनी फ्लोरा सिडकुल भीमताल के सामने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन तथा लेक इंटरनेशनल स्कूल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के निर्देश।
उद्यमियों की शिकायत पर विद्युत स्मार्ट मीटर से बढ़े बिलों की तकनीकी जांच कर समस्या के समाधान के निर्देश।
भीमताल आणु नाले के दिशा परिवर्तन से संबंधित कार्य को विद्युत पोल शिफ्टिंग के बाद शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश।
हरिपुर मोतिया–बेलबाबा रामपुर रोड से भारत माइन्स एंड मिनरल्स सहित अन्य इकाइयों को जाने वाले संपर्क मार्ग की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश।
कोटाबाग औद्योगिक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति न होने के बावजूद बिल आने की समस्या का त्वरित समाधान करने हेतु जल संस्थान को निर्देश।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा और बेहतर सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि इस वित्तीय वर्ष में 8 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पीरूल कलेक्शन हेतु कॉपेक्टर मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता, हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आर.सी. बिंजोला, सचिव मनोज डागा, दीपक कुमार अग्रवाल सहित विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, जल संस्थान एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा उद्यमी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


