देहरादून: आंगनबाड़ी राशन सप्लाई पर डीएम सविन बंसल का सख्त एक्शन, छापेमारी में खुलीं कई गड़बड़ियां
आंगनबाड़ी केंद्रों को भेजे जा रहे राशन की गुणवत्ता संदिग्ध, कई खाद्य सामग्री में मिली अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान मिले बाल श्रमिक, गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून सविन बसंल ने राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति की जा रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों पर बड़ा एक्शन लेते हुए रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम में छापेमारी की। यह गोदाम गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन आपूर्ति के लिए उपयोग किया जाता है।
छापेमारी के दौरान गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में पाया गया कि कई खाद्य पदार्थों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथि स्पष्ट रूप से अंकित नहीं थी। कुछ पैकेटों पर छपी हुई तिथि के स्थान पर स्टैंप लगी हुई तिथि पाई गई, जिससे उनकी प्रामाणिकता संदिग्ध प्रतीत हुई। खजूर और केले के चिप्स सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हुए।
बाल श्रमिक मिलने पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी कार्य करते पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गोदाम स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
अंडों और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी संदेह
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी माह के अंडे व अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में वितरित की जा रही थी। अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। साथ ही गोदाम में तापमान नियंत्रित रखने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं मिली, जबकि खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए यह आवश्यक है।

रजिस्टर और गुणवत्ता प्रमाणपत्र नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान गोदाम के रजिस्टर अद्यतन नहीं मिले और सामग्री आपूर्ति करने वाली संस्था द्वारा जारी गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
डिस्पैच हो रहे वाहनों को रुकवाकर कराई सैंपलिंग
जिलाधिकारी ने मौके पर ही आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन लेकर जाने वाले वाहनों को रुकवाकर खाद्य सामग्री की सैंपलिंग करवाई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला क्षेत्रों के लिए रवाना होने वाले थे।
सीएम के निर्देशों के बाद कार्रवाई
बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी ने यह छापेमारी की। विभिन्न माध्यमों से आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजी जा रही सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


