रुद्रप्रयाग: वन भूमि हस्तांतरण मामलों के निस्तारण में तेजी के निर्देश, डीएम ने की समीक्षा
लंबित प्रकरणों की सूची तैयार करने के निर्देश, विभागीय समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई पर जोर
Rudraprayag News- जनपद रुद्रप्रयाग में वन भूमि हस्तान्तरण से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु आज जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं से संबंधित प्रकरणों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि वन भूमि हस्तान्तरण के कुछ प्रकरण विगत समय से लंबित हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि विभागों के बीच पत्राचार के उपरांत भी कुछ आपत्तियों का निस्तारण लंबित रहने से प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से अपेक्षा की कि आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे वन भूमि हस्तान्तरण की कार्यवाही को गति मिल सके।
जिलाधिकारी ने उपवन संरक्षक रुद्रप्रयाग रजत सुमन को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की सूची तैयार करते हुए यह भी अंकित किया जाए कि प्रत्येक प्रकरण किस स्तर पर लंबित है। इसके लिए एक निर्धारित प्रारूप तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि लंबित मामलों के निस्तारण में सुविधा हो सके।
उन्होंने विभागीय समन्वय पर बल देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी सहयोग से कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें, जिससे विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उपवन संरक्षक रुद्रप्रयाग रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंद्रजीत बोस, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


