नैनीताल: गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, घर-घर पहुंचेगा सिलेंडर
डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल ने एजेंसियों व अधिकारियों को दिए निर्देश, गोदामों में भीड़ न लगाने और गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने की अपील
Nainital News- जनपद नैनीताल में वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाईन बुकिंग, डीएसपी, ओटीपी आदि प्रक्रियाओं में अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है। इससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है तथा समय पर घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
इन सभी परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण फिलहाल गैस एजेंसी परिसर से सीधे न करते हुए उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को घर पर ही सुरक्षित एवं सुगम रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।
साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे गैस एजेंसी में केवल बुकिंग कराने के लिए आ सकते हैं। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे बुकिंग से संबंधित उपभोक्ताओं को नियमानुसार घर-घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति से जारी किया गया है तथा तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं और गैस वितरण की डोर-टू-डोर व्यवस्था का लाभ उठाएं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
सभी गैस एजेंसी गैस की होम डिलीवरी करना सुनिश्चित करें जिलाधिकारी
नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गैस गोदामों में उपभोक्ताओं द्वारा लगाई जा रही लाइन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस की होम डिलीवरी कराई जाए।
जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम सहित जिले के सभी गैस एजेंसियों व पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस की पूर्ण उपलब्धता होने के बावजूद भी कतिपय स्थानों में लोग गैस गोदामों में सिलेंडर लेकर लाइन लगा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की गैस बुकिंग नजदीकी एजेंसी से कर उसके बाद गैस की होम डिलीवरी कराई जाए।
जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील की है कि पूर्व की भांति रूटीन में गैस की होम डिलीवरी होगी अनावश्यक पैनिक होकर गैस गोदाम तक आने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने को भी कहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


