देहरादून सरेबाजार युवती की हत्या मामला: चौकी प्रभारी सस्पेंड , आरोपी गिरफ्तार
Dehradun News- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरेबाजार हुई युवती की हत्या के मामले में लापरवाही को एसएसपी ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े हुई युवती की हत्या के मामले में की गई है। इससे पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।
एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर सीओ सिटी को पूरे मामले की प्राथमिक जांच सौंपी गई थी। सीओ सिटी की रिपोर्ट में पाया गया कि मृतिका द्वारा 31 जनवरी को आरोपी के खिलाफ खुड़बुड़ा चौकी में दी गई शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। पुलिस की ढील के कारण आरोपी ने सोमवार को युवती की हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार मृतिका गुंजन और आरोपी आकाश तीन साल से परिचित थे। गुंजन मच्छी बाजार में कपड़ों की दुकान में काम करती थी, जबकि आरोपी भी उसी बाजार की एक अन्य दुकान में काम करता था। दोनों की दोस्ती के बारे में पता चलने के बाद आरोपी ने गुंजन का फोन ले लिया और बातचीत रोक दी। आरोपी शादीशुदा था और लगातार युवती को परेशान कर रहा था, काम पर पीछा कर रहा था। गुंजन ने कई बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।घटना से तीन दिन पहले आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति से कहा कि वह गुंजन को जान से मार देगा, जिसके बाद फिर से युवती ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत की। इन तीन दिनों में पुलिस आरोपी से संपर्क नहीं कर पाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश पहले चोरी के मामले में जेल भी जा चुका था और कुछ महीने पहले उसे दुकान से हटा दिया गया था। बाद में वह उसी बाजार की दूसरी दुकान में काम करने लगा।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। प्रथम दृष्टया जांच में चौकी स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी अजय सिंह ने उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी, चौकी प्रभारी खुड़बुड़ा को तत्काल निलंबित कर दिया है।
आरोपी गिरफ्तार
सोमवार को आरोपित घर से चापड़ लेकर आया और भीड़भाड़ के बीच ही युवती पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित आकाश कुमार निवासी मन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया और चापड़ भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने कई बातें स्वीकार की हैं। पुलिस के अनुसार, युवक और युवती के बीच घर और निजी विवाद था। युवती द्वारा पुलिस चौकी में शिकायत करने के बाद आरोपी आवेश में था और इसी कारण उसने मच्छी बाजार में दिनदहाड़े हत्या की।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


