देहरादून: प्रधानमंत्री के दौरे से पहले तैयारियां तेज, डीएम ने किया ग्राउंड जीरो निरीक्षण
आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक व्यवस्थाओं की समीक्षा, सड़क से लेकर सुरक्षा तक हर पहलू पर फोकस
देहरादून, 04 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क मार्ग पर सभी आवश्यक सुधार कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, पैचवर्क, दीवारों के रंग-रोगन और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे पड़े मलवे की सफाई और क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को दुरुस्त करने को कहा, ताकि पूरा मार्ग साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखे।
सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके बाद गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


