देहरादून: 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, शंखनाद से स्वागत और रोड शो
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तैयारियों को लेकर ली उच्चस्तरीय बैठक, कार्यक्रम को जन-उत्सव के रूप में मनाने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को ऐतिहासिक और उत्सव जैसा बनाया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे) का उद्घाटन करेंगे। उनके स्वागत के लिए शंखनाद और घंटानाद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद सभा स्थल गढ़ीकैंट तक रोड शो में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को जन-उत्सव का रूप देने के लिए राज्यभर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सीएम धामी ने अधिकारियों को कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह राज्य के लिए गौरव का अवसर बने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य व संगीत प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के साथ आकर्षक बनाया जाएगा।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से भी इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों से राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव का माहौल बनाएं। कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा देगा। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक व व्यावसायिक गतिविधियां भी तेज होंगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


