Dehradun Accident: भीषण सड़क हादसे में चार की मौत, कई घायल; कार के उड़े परखच्चे
देहरादून के डोईवाला में भीषण सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन का प्रतीकात्मक दृश्य
मणिमाई मंदिर के पास पिकअप से टकराई इको कार; मौके पर दो ने दम तोड़ा, उपचार के दौरान दो और मौतें, हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर लगा जाम
देहरादून, 19 अगस्त 2026: राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पीछे से आ रही इको कार की वाहन से हुई जोरदार टक्कर
पुलिस के अनुसार, मणिमाई मंदिर के पास आगे चल रहे एक वाहन का पिछला पहिया अचानक निकल गया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ओर चला गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार इको कार उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उपचार के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल
एसआई कोतवाली डोईवाला नारायण व्यास ने बताया कि इको वाहन में सात लोग सवार थे। घायलों को सीएससी डोईवाला, हिमालयन अस्पताल और देहरादून के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान दो घायलों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल विपेंद्र सिंह पुत्र रामबरन सिंह, निवासी रेलवे रोड, हरियाणा और विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं, उत्तर प्रदेश सहित अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। एक गंभीर घायल को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
नींद की झपकी को बताया जा रहा हादसे की वजह
हर्रावाला पुलिस चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ के अनुसार, प्रारंभिक जांच और घायलों से पूछताछ में सामने आया है कि वाहन चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ। घायल यात्रियों ने पुलिस को बताया कि चालक को नींद आने का एहसास होने पर उसे वाहन रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन वाहन नहीं रोका गया।
पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से यात्रा कर रहे थे। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।
रोहतक से हरिद्वार पहुंचे थे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए यात्री हरियाणा के रोहतक से मंगलवार को निकले थे। देर रात करीब 2:30 बजे वे हरिद्वार पहुंचे। बुधवार सुबह टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस हरिद्वार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मणिमाई मंदिर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
तीन मृतकों की पहचान, एक की शिनाख्त बाकी
पुलिस के अनुसार मृतकों में नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा; विनोद, निवासी आर्य नगर, रोहतक और ड्राइवर सोमपाल पुत्र लालाराम, निवासी वार्ड नंबर-5, पेंच कपूरचंद, रोहतक शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
क्रेन से हटाए वाहन, करीब एक घंटे बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। टोल के पास यातायात करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


